ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)। कोतवाली के गांव रूपपुर टंडोला में विद्युत लाइन का तार टूटने से रास्ते पर रखे बिटौरों में आग लग गई। हजारों का ईंधन जलकर नष्ट हो गया। आग इतनी भयानक थी कि उसे बुझाने में दमकल की टीम को पांच घंटे का समय लगा। आग लगने से गांव में अफरा तफरी मच गई। गांव में नरेश, गनपत सिंह आदि किसानो के नलकूपों को जा रही विद्युत लाइन का तार मंगलवार की रात करीब 12 बजे टूटकर नीचे रखे बिटौरो पर गिर पड़ा। जिससे उनमें आग लग गई।
आग तेजी से गांव की ओर फैलने लगी। तो ग्रामीणों की आंख खुल गई। उन्होंने आग को बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग की लपटे ग्रामीणों के काबू में नहीं आई। जिस पर उन्होने दमकल को इसकी सूचना दी। सूचना पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची। टीम को आग बुझाने में करीब पांच घंटे का समय लगा। ग्रामीणों हरिओम सिंह यादव आदि ने बताया कि यह विद्युत लाइन 20 माह पुरानी है। इस लाइन के तार लोहे के है। जो आए दिन टूटते रहते है। तीन महीने पहले परमानंद यादव के गन्ने के खेत में तार टूटने से आग लग गई थी। ग्रामीण लगातार जर्जर विद्युत लाइन के तारों को बदलने की मांग कर रहे हैं। लेकिन उनकी कोई सुनवाई नही हो रही हैं। इस गांव को ठाकुरद्वारा बिजलीघर से विद्युत आपूर्ति की जाती है। मंगलवार की रात को आग लगने का स्थान गांव की आबादी से 50 मीटर की दूरी पर था। जिससे गांव में पूरी रात अफरा तफरी मची रही।
फोटो