सीबीएसई हाईस्कूल में मुरादाबाद के छात्र एवं छात्राओं ने पूरे देहरादून रीजन के साथ उत्तरप्रदेश में भी परचम लहराया है। मुरादाबाद के 12 मेधावी छात्र एवं छात्राओं ने देहरादून रीजन की मेरिट लिस्ट में जगह बनाई है।
देहरादून रीजन में 2017-2018 की सीबीएसई हाईस्कूल परीक्षा में 138213 परीक्षार्थी शामिल हुए। इनमें 98132 यूपी और 40081 उत्तराखंड से शामिल थे। मुरादाबाद जिले से परीक्षा में शामिल 3870 छात्र एवं छात्राओं में से 12 छात्र एवं छात्राओं ने रीजन की मेरिट लिस्ट में जगह बनाकर सफलता का परचम लहराया है। मेधावियों ने अभिभावकों का ही नहीं बल्कि स्कूल और शहर का नाम रोशन किया है। रीजनल मेरिट सूची में सेंट मैरी की यशिका रस्तोगी 496 अंक हासिल किए हैं। सेंट मैरी की ही कनिष्का मित्तल ने 495 अंक और संयम सक्सेना ने भी 495 अंक प्राप्त किए हैं।
केंद्रीय विद्यालय अलिशा ने 494, दिल्ली पब्लिक स्कूल मो शरीफ सुल्तान ने 494 और सीएल गुप्ता स्कूल के मानवी गुप्ता ने 494 अंक प्राप्त किए हैं। सेंट मैरी ऋषिता बंसल ने 493, पीएमएस के शामुन राशिद ने 493 अंक प्राप्त किए हैं। एसएस चिल्ड्रेन एकेडमी के सुभान ने 492, एसएस चिल्ड्रेन के ही मानवी दिवाकर ने 491, सेंट मैरी की रेवती गुप्ता और उमेरा रहमान ने 491-491 नंबर हासिल किए हैं।
मंडल में भी छाए मुरादाबाद के होनहार
मुरादाबाद। सीबीएसई के 10वीं के परिणाम में मुरादाबाद जिले का मंडल में सबसे अधिक उत्तीर्ण प्रतिशत रहा है। बिजनौर की रिमझिम अग्रवाल ने भले ही देहरादून रीजन टॉप किया है, लेकिन बिजनौर जिले का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत मुरादाबाद की तुलना में कम है। मुरादाबाद मंडल में बिजनौर जिले से 5388 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। 4051 छात्र एवं छात्राओं ने परीक्षा पास की है, जो कि औसतन परीक्षाफल 75.19 फीसदी है। ज्योतिबाफुले नगर जिले से 2091 परीक्षार्थियों की तुलना में 1695 छात्र एवं छात्राएं उत्तीर्ण हुए हैं। ज्योतिबाफुले जिले का परीक्षाफल 81.06 फीसदी रहा है। रामपुर जिले से 2609 छात्र एवं छात्राओं ने परीक्षा दी, जिसमें 2098 परीक्षार्थी पास हुए हैं और औसत परीक्षाफल 80.41 फीसदी रहा है। संभल जिले से 1655 बच्चों ने परीक्षा दी और 1256 छात्र एवं छात्राओं ने परीक्षा पास की है। उत्तीर्ण होने वाले 75.89 फीसदी रहा है। पूरे मंडल में मुरादाबाद जिले का परीक्षाफल 83.75 फीसदी रहा है। जिले से 3870 की तुलना में 3241 परीक्षार्थी पास हुए हैं।