सर्दी में कोहरे की मार फिर रेल पटरियों पर चल रहे मरम्मत कार्य के चलते अब भी ट्रेनों की लेटलतीफी जारी है। हालात इतने बदतर है कि ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 24 घंटे की देरी से चल रही हैं। हालांकि नई पटरियां बिछाने का कार्य अंतिम दौर में है, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि 15 मई के बाद ट्रेनों का संचालन सुधर जाएगा। इसके बाद ही यात्रियों को राहत मिल पाएगी।
पिछले पांच माह से रेलगाड़ियां अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से दौड़ रही हैं। हालात ऐसे हैं कि सुबह की गाड़ियां शाम और शाम की गाड़ियां अगले दिन पहुंच रही हैं। दरअसल, मुरादाबाद रेल मंडल में 210 किलोमीटर रेल पटरियां जर्जर घोषित की गई थी, जिन्हें हटाकर नई पटरियों को लगाने का काम चल रहा है। इसके चलते इस मार्ग पर ट्रेनें देरी से दौड़ने के चलते यात्री परेशान हैं। दूसरे मंडलों में भी पटरियों पर कार्य चल रहा है। इसके चलते उन मंडलों से गुजर कर आने वालीं ट्रेनें 24 घंटे की देरी से चल रही हैं। इसके अलावा मुरादाबाद में प्लेटफार्म दो पर वाशेबल एप्रन का कार्य चल रहा है। इसके चलते दो नंबर पर आने वाली गाड़ियां एक नंबर और पांच नंबर लाइन से गुजारी जा रही हैं। जिस कारण एक नंबर लाइन ज्यादा व्यस्त रहने के कारण गाड़ियाें को कई कई घंटे आउटर पर खड़ी करनी पड़ रही है। डीआरएम अजय कुमार सिंघल ने बताया कि मंडल में पटरियों को बदलने का काम अपने अंतिम दौर में है। पंद्रह मई तक कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके बाद गाड़ियां अपने समय से दौड़ने लगेंगी।
मंगलवार को ये गाड़ियां पहुंची देरी से
- आला हजरत एक्सप्रेस 14 घंटे 21 मिनट
- पूरबिया एक्सप्रेस 15 घंटे 45 मिनट
- लिंक एक्सप्रेस 03 घंटे 31 मिनट
- सुहेल देव एक्सप्रेस 05 घंटे 31 मिनट
- शहीद एक्सप्रेस 09 घंटे 42 मिनट
- न्यू जलपाईगुडी एक्सप्रेस 10 घंटे 55 निमट
- दिल्ली मुरादाबाद पैसेंजर 04 घंटे 18 मिनट
- जम्मू तवी एक्सप्रेस 02 घंटे 40 मिनट
- जन सेवा एक्सप्रेस 11 घंटे 20 मिनट
- कुंभ एक्सप्रेस 05 घंटे 36 मिनट
- मालदा डाउन हरिद्वार एक्सप्रेस 07 घंटे 57 मिनट
मूंढापांडे में मालगाड़ी का पहिया जाम
मुरादाबाद। मूंढापांडे के पास मंगलवार दोपहर मालगाड़ी का पहिया जाम हो गया, जिससे चिंगारी निकली तो चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर मालगाड़ी रोक दी। इसके बाद चालक ने रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलने पर रेलवे टीम मौके पर पहुंची और पहिये की मरम्मत की। इसके बाद सुबह छह बजकर 50 मिनट पर मालगाड़ी को आगे के लिए रवाना किया गया। मालगाड़ी रुकने की वजह से अमृतसर से सहरसा के बीच चलने वाली जनसेवा एक्सप्रेस को 15 मिनट तक रोकना पड़ा।