ग्राम स्वराज अभियान के तहत पंचायतराज दिवस पर जिले के तीन और विकास खंड ओडीएफ (खुले में शौच मुक्त) घोषित कर दिए गए। अभी तीन ब्लाक और रह गए हैं। डीपीआरओ ने एक माह में उक्त तीनों ब्लाक को भी ओडीएफ करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही पूरा जिला ओडीएफ हो जाएगा।
शासन से जिले को ओडीएफ कराने के लिए लगातार दबाव बना हुआ है। प्रदेश को जून तक ओडीएफ कराने की तैयारी है। इसके लिए अधिकारियों ने लगातार अभियान चलाया हुआ है। मंगलवार को पंचायत राज दिवस के मौके पर जिले के डिलारी, ठाकुरद्वारा और भगतपुर टांडा को ओडीएफ घोषित कर दिया गया। इससे पहले छजलैट और मुरादाबाद सदर ब्लाक को ओडीएफ घोषित किया गया था। डीपीआरओ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि अब मूंढ़ापांडे, बिलारी और कुंदरकी ब्लाक को ओडीएफ किया जाना हे। इसकी तैयारियां कर ली गई हैं। एक माह में इनको ओडीएफ करने के साथ ही जिले को ओडीएफ घोषित कर दिया जाएगा। इस मौके पर ओडीएफ गांवों के प्रधानों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।