मुरादाबाद में जुड़ती थी जनता एक्सप्रेस में दो बोगियां
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद।
रामनगर से वाराणसी के लिए सीधी रेल सेवा बंद कर दी गई है। रामनगर से आने वाली दो बोगियां अब जनता एक्सप्रेस में नहीं जुड़ेंगी। इन बोगियों को हरिद्वार भेज दिया गया है। रेलवे ने 23 सितंबर से ये सेवा स्थाई रूप से बंद कर दी है।
देहरादून-वाराणसी के बीच चलने वाली जनता एक्सप्रेस (14265-66) में दो बोगियां मुरादाबाद में जुड़ती थीं। ये दो कोच रामनगर से मुरादाबाद आते थे, जो स्लीपर और जनरल कोच होतेेे थे। दोनों कोच जुड़ने के बाद ट्रेन वाराणसी के लिए रवाना होती थी। ऐसे ही वाराणसी से आने पर दोनों बोगियों को मुरादाबाद में अलग कर दिया जाता था। बाद में सवारी गाड़ी में जोड़कर दोनों कोच रामनगर रवाना कर दी जाती थी। ये रामनगर-वाराणसी सीधी रेल सेवा थी। लेकिन 23 सितंबर से इस रेल सेवा को बंद कर दिया गया है। सीनियर डीसीएम विवेक शर्मा ने बताया कि रामपुर वाराणसी लिंक सेवा बंद कर दिया गया है। दोनों कोच हरिद्वार भेज दिया गया है।