मुरादाबाद। मंडल के 120 बांग्लादेशी शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता दी जाएगी। ये सभी रामपुर में रह रहे हैं। इनके आवेदन फॉर्म की जांच के बाद प्रस्ताव गृह मंत्रालय भेज दिया गया है। गृह मंत्रालय की ओर से कार्यवाही पूरी होने के बाद शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता के प्रमाणपत्र जारी कर दिए जाएंगे।
मुरादाबाद मंडल में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के तहत बांग्लादेशी शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता देने के लिए प्रक्रिया चल रही है। रामपुर जिले के बिलासपुर में रह रहे 450 बांग्लादेशी शरणार्थियों ने भारतीय नागरिकता के लिए सीएए वेब पोर्टल पर आवेदन किया है। वहीं मंडल के अन्य जिलों अमरोहा, संभल, बिजनौर और मुरादाबाद से एक भी आवेदन नहीं हुआ।
आवेदन फॉर्म की जांच जिला स्तरीय समिति के नामित अधिकारी व डाक प्रवर अधीक्षक अमित दत्त के द्वारा की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 120 बांग्लादेशी शरणार्थियों के फाॅर्म की जांच पूरी हो चुकी है और इन्हें गृह मंत्रालय भेज दिया गया है। अन्य आवेदकों के फाॅर्म की हर बिंदु पर जांच की जा रही है। कागजों का सत्यापन ऑनलाइन किया जा रहा है। सही आवेदकों का प्रस्ताव गृह मंत्रालय भेज दिया जाएगा।
00
इन्हें मिलेगी भारतीय नागरिकता
- 31 दिसंबर 2014 को या इससे पहले पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांग्लादेश से धार्मिक आधार पर प्रताड़ित होकर भारत आए हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, फारसी और ईसाई समुदाय के लोगों को भारतीय नागरिकता दी जाएगी। इन देशों के लोग ही नागरिकता के लिए आवेदन कर सकते हैं।
00
-भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन करने वाले आवेदकों के दस्तावेज को प्रमाणित करने का काम चल रहा है। जिन आवेदकों के कागज सही मिले रहे हैं, उनके फाॅर्म को गृह मंत्रालय भेजा जा रहा है। -अमित दत्त, डाक प्रवर अधीक्षक व सीएए के जिला स्तरीय समिति के नामित अधिकारी।