मुरादाबाद। मंगलवार को पहले रमजान पर रोजेदारों में गजब का उत्साह दिखा। सुबह उठकर सभी ने सहरी खाने के बाद फजर की नमाज अदा की। बड़ों के साथ छोटे बच्चों ने भी रोजा रखा। शाम को रोजेदारों ने खजूर, फल और शिकंजी से इफ्तार किया। मई की तपिश के बावजूद रोजेदारों ने चेहरों पर रमजान की खुशी झलकती रही। शाम को इफ्तार के बाद रोजेदारों ने मगरिब की नमाज अदा की और फिर रात को मस्जिदों में नमाज - ए तरावीह का सिलसिला शुरू हुआ।
सूरज की तपिश और गर्म हवाओं के बीच रहमत और बरकत के महीने रमजान का आगाज हो चुका है। मई की तपिश रोजेदारों का इम्तिहान लेगी। इस बार मई के महीने में रोजेदारों को 25 रोजे रखने होंगे। जबकि मई के पहले हफ्ते में ही पारा 40 डिग्री को पार कर चुका है। ऐसे में करीब 15 घंटे से अधिक समय तक भूखे प्यासे खुदा की इबादत में मौसम रोजेदारों का इम्तिहान लेगा। सोमवार की शाम दीदार-ए-चांद के साथ ही माह-ए-रमजान की शुरुआत हो गई। मंगलवार को रोजेदारों ने पहला रोजा रखा।