मुरादाबाद। होली का त्योहार आने में अभी एक सप्ताह का समय है, लेकिन त्योहार के समान से बाजार गुलजार होने लगा है। मंगलवार को भी पिचकारी, रंग व अन्य सामान की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ती रही। सुबह से लेकर शाम तक बढ़ते ग्राहकों के रुझान को देखकर दुकानदारों के चेहरे खिल गए हैं।
दुकानदारों का कहना है कि स्कूलों में बोर्ड व अन्य सभी तरह की परीक्षाएं समाप्त हो जाने की वजह से अवकाश घोषित हो गए हैं। इसकी वजह से ग्राहकों की भीड़ गत वर्ष की तुलना में अधिक है। जीएमडी रोड के दुकानदार राजू गुप्ता ने बताया कि दुकान सुबह आठ बजे से रात को दस बजे तक खुल रही है। तीन साल से 12 साल तक के बच्चों के लिए पिचकारी हैं, जिसमें कार्टून की ज्यादा पसंद की जा रही हैं। मोटू-पतलू और शिवा की पिचकारी बच्चे खरीद रहे हैं। दस रुपये से साढ़े चार सौ रुपये तक की पिचकारी है। मास्क में मिक्की माउस, शेर, खरगोश आदि के हैं। ताड़ीखाना के दुकानदार अंशुल गुप्ता ने बताया कि रंगों में वैरायटी की भरमार है। सूखे, पानी के और स्प्रे है। दस रुपये से 80 रुपये प्रति पीस के हिसाब से रंग बिक रहे हैं। इस बार रंगों के गिफ्ट पैक भी आए हैं। एक पैक में पांच तरह के रंग हैं। इसमें बेबी रंग ज्यादा हैं। विग की कीमत भी 180 रुपये से 450 रुपये तक की है। इसमें बेबी कट, बाय कट, पगला, मुर्गा, देशी मुर्गा, मलिंगा, बावला आदि हैं। खुशबूदार गुलाल भी है। इसमें सभी सेंट की खुशबू को मिलाया गया है। इसकी कीमत 80 रुपये प्रति पीस है। वेलवेट गुलाल भी पसंद किया जा रहा है। हर्बल फेस कलर, सोना चांदी सफेदा, मुर्गाछाप में रंग हैं।