लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस से गठबंधन के बाद महान दल की पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पहली रैली 24 फरवरी को मुरादाबाद में होगी। रैली में महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य के अलावा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर आएंगे। दोनों ही संगठनों ने रैली की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कांग्रेस जिला एवं महानगर कार्यकारिणी की ओर से भीड़ जुटाने के लिए टीमें बनाकर विधानसभा वार जनसंपर्क शुरू कर दिया है। कांग्रेस महाल दल की रैली से अपना चुनावी शंखनाद करेगी।
उत्तर प्रदेश की जातिगत एवं क्षेत्रीय राजनीति में महान दल की पिछड़े वर्ग के वोटरों में खासी पैठ है। कई सीटों पर पिछड़े वर्ग का वोटर निर्णायक है। 2014 लोकसभा चुनाव में भी महान दल ने कांग्रेस से गठबंधन कर कुछ सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे। 2019 चुनाव के लिए भी महान दल ने कांग्रेस से गठबंधन किया है। मुरादाबाद लोकसभा सीट में पिछड़े वर्ग के वोटरों की संख्या काफी अधिक है। पिछड़े वर्ग के वोटरों को एकजुट करने के लिए महान दल पश्चिमी उत्तर प्रदेश की पहली बड़ी रैली 24 फरवरी को मुरादाबाद में आयोजित कर रहा है। अप्रत्यक्ष रूप से रैली कांग्रेस के लिए ही होगी। लिहाजा, रैली में महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर शामिल होंगे।
रैली दोपहर 12 बजे रामलीला मैदान लाइनपार में होगी। दोपहर एक बजे राजबब्बर पहुंचेंगे। दोनों ही दलों ने रैली के लिए भीड़ जुटाने के लक्ष्य के साथ जनसंपर्क शुरू कर दिया है। महान दल ने ढाई हजार और कांग्रेस ने दस हजार लोगों को रैली स्थल तक लाने का लक्ष्य रखा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डा. एपी सिंह के मुताबिक रैली का आयोजन महान दल का है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर के रैली में पहुंचने से कांग्रेस के लोकसभा मुरादाबाद के कोआर्डिनेटर नसीमुद्दीन सिद्दीकी, प्रभारी आजम शेख के अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश से कई वरिष्ठ कांग्रेस इसमें शामिल होंगे।
ज्योतिरादित्य सिंधिया आने पर संशय
महान दल की रैली में कांग्रेस के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया के आने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। हालांकि, देर रात तक ज्योतिरादित्य सिंधिया के आने की पुष्टि नहीं है।