महानगर में बिछाई जा रही सीवर लाइन से उत्पंन होने वाली परेशानियों से अभी लोगों को छुटकारा नहीं मिल पाएगा। शहर में जगह जगह सीवर लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। एजेंसी और संबंधित विभाग ने इस कार्य को पूरा करने के लिए तीस जून का समय तय किया है। अगर एजेंसी ने ये कार्य समय रहते पूरा कर दिया तो ठीक, वरना लोगों की समस्याएं पहले के जैसे ही बरकरार रहेंगीं।
महानगर में सात साल पहले सीवर लाइन बिछाने का कार्य किया गया था। 233 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाने के लिए 260 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया था। इस कार्य को दो साल में पूरा किया जाना था। लेकिन सात साल बीतने के बाद भी सीवर लाइन नहीं बिछाई जा सकी है। जिस कारण लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। रेलवे स्टेशन रोड से लेकर शहर के अंदर गलियों तक में सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़कों में गड्ढे खोकर डाल दिए। अधिकारियों का कहना है कि शहर में 205 किलोमीटर सीवर लाइन बिछा दी गई है। तीस जून तक पूरे शहर का कार्य पूरा हो जाएगा। जल कल विभाग के इंजीनियर अरुण कुमार त्यागी ने बताया कि तीस जून तक सीवर लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो जाएगा।
खुदी सड़क को ठीक होने के बाद ही आगे कार्य करने देंगे, एसपी ट्रैफिक
एसपी यातायात सतीश चंद्र ने बताया कि रेलवे स्टेशन रोड पर छह जगह गड्ढे खोदे गए हैं। इसके अलावा जैन मंदिर से गुरहट्ठी चौराहे तक भी कई जगह सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़क खोदी गई है। उन्होंने बताया कि लाइन बिछाने वाली कंपनी ने 23 फरवरी तक इन गड्ढों भरने की बात कही है। ये कार्य पूरा होने के बाद ही आगे का कार्य किया जाएगा।
शहर में जाम से जूझ रहे लोग
मुरादाबाद। शहर में सीवर खुदाई की वजह से लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। रेलवे स्टेशन रोड पर पिछले तीन माह से सीवर लाइन बिछाई जा रही थी। जिसकी वजह से एक साइड में यातायात बंद है। जबकि दूसरी साइड में वाहनों को चलाया जा रहा है। जिस कारण यातायात बाधित हो रहा है। लोग जाम में जूझ रहे हैं।
व्यापारी और दुकानदारों में गुस्सा
मुरादाबाद। ताड़ीखाना चौराहे से गुरहट्ठी के बीच सीवर लाइन के लिए सड़क खोदकर डाल दी है। जिस कारण इस मार्ग पर लोगों का आवागमन बंद हैं। जिस कारण दुकानदार और व्यापारी परेशान हैं। यहां ग्राहक भी नहीं पहुंच पा रहे हैं।