नेशनल हेल्थ मिशन के संविदा कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से चिकित्सा सेवाएं बुरी तरह चरमरा गई हैं। प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सेवाएं ठप हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पीएचसी और सीएचसी केंद्रों पर वैकल्पिक व्यवस्थाएं नहीं किए जाने से मरीज भटकने को मजबूर हैं। वहीं, हड़ताल कर्मचारियों का सीएमओ कार्यालय पर चौथे दिन भी धरना जारी रहा। कर्मचारियों ने सोमवार से आपातकालीन सेवाएं भी ठप करने की चेतावनी दी।
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर संविदा डाक्टरों से लेकर कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर हैं। जिले में स्वास्थ्य सेवाएं संविदा कर्मियों पर ही निर्भर हैं। जिला अस्पताल से लेकर प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 732 संविदा कर्मी हैं। इनमें 67 डाक्टर शामिल हैं। चार सूत्रीय मांगों के समर्थन में कर्मचारी सोमवार से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पर हैं। कर्मचारियों ने सीएमओ कार्यालय पर डेरा डाला है। इससे पीएचसी और सीएचसी वीरान पड़े हैं। मरीज अस्पतालों में पहुंच रहे हैं और कर्मचारी गायब होने से वापस लौट रहे हैं। टीकाकरण, दवा वितरण से लेकर लैबें बंद हैं। अस्पतालों में अनिश्चितकालीन हड़ताल के पोस्टर चस्पा किए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में डाक्टरों और कर्मियों की वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कर पाया है।
उधर, सीएमओ कार्यालय परिसर में कर्मचारियों का धरना चौथे दिन भी रहा। जिलाध्यक्ष अजीजुर रहीम ने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप हो गई हैं। इसके बाद भी शासन एवं प्रशासन सुध लेने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि धरने में संविदा कर्मियों को शत प्रतिशत भागीदारी कराने के लिए पांच टीमें गठित की हैं। टीमें ग्रामीण क्षेत्र में दौरा करेंगी और कर्मचारियों को कर्मचारियों को धरने में शामिल कराएंगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारी आरपार की लड़ाई लड़ेंगे। महामंत्री विपिन भट्ट ने कहा कि सोमवार से आकस्मिक सेवाओं को भी बंद कराया जाएगा। आपातकालीन सेवाएं में तैनात संविदा कर्मी भी हड़ताल में शामिल हो जाएंगे। कौशल किशोर ने कर्मचारियों का प्रोत्साहन किया। अखिल भारतीय कर्मचारी महासंघ ने भी संविदा कर्मियों की हड़ताल को समर्थन दिया। इस दौरान शिव कुमार, मुनीश ठाकुर, उमा शंकर, देवेंद्र चौधरी, संदीप बड़ोला, निश्चल भटनागर, हंसराज यादव, कौशल किशोर, बीना कल्पना, डॉ अनीता मौर्य, वंदना, गौरव, रजनी सिंह और गुल नवाज समेत कई कर्मी मौजूद रहे।