जूडो खिलाड़ी सविता गुरुंग राष्ट्रीय स्तर पर शहर का नाम रोशन कर रही है। पहले अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद सविता ने अब विशाखापत्तनम में हुई सीनियर नेशनल जूडो चैंपियनशिप में चांदी पर कब्जा किया है। सविता का सपना वर्ल्ड यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट में पदक जीतना है।
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में तीन से सात जनवरी तक हुई सीनियर नेशनल जूडो चैंपियनशिप में 48 किग्रा भार वर्ग में प्रतिभाग किया है। सविता ने छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, केरल, सीमा सशस्त्र बल की खिलाड़ियों को परास्त कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में आल इंडिया पुलिस कंट्रोल बोर्ड की खिलाड़ी एस सुशीला देवी के साथ खेलते हुए रजत पदक जीता। इससे पहले सविता दस से 12 दिसंबर तक चंडीगढ़ में हुई अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में स्वर्ण, वर्ष 2014 में चीन में हुई एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक अपने नाम कर चुकी हैं। प्रशिक्षक सतीश शर्मा ने बताया कि वर्ल्ड यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट में मजबूत दावेदारी के लिए सविता कड़ी मेहनत कर रही है।