बारिश और रामगंगा की बाढ़ ने लोक निर्माण विभाग की 15 करोड़ की सड़कें बर्बाद कर दीं। कई जगह पुलों को जोड़ने वाली एप्रोच रोड कटकर बह गई हैं, तो कई अन्य स्थानों पर सड़कों की एक साइड कटकर बह गई हैं। लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों को शासन से बजट जारी करने के लिए एस्टीमेट के साथ मांगपत्र भेजा है।
रामगंगा और सहायक नदियों ने लोगों का सफर मुश्किल बना दिया है। जगह-जगह सड़क क्षतिग्रस्त होने के साथ ही कई स्थानों पर गायब ही हो गई है। सड़क बहने के अलावा कई पुलों की एप्रोच रोड नदी के तेज बहाव में कटकर बह गई है। लगातार बरसात होने के साथ ही रामगंगा, कोसी, ढेला और फीका नदियों के तेज बहाव ने जबरदस्त कटान किया। पानी बढ़ते समय तो कटान हुआ ही, अब उतरते समय यह ज्यादा तेज हो गया है। अधिकारियों की परेशानी यह है कि कटान थमने के बाद ही वास्तविक मूल्यांकन किया जा सकेगा। अभी तक के आंकलन के अनुसार लोक निर्माण विभाग को 15 करोड़ का नुकसान हो चुका है। इसका आंकलन कर शासन को प्रारंभिक किस्त जारी करने को मांगपत्र भेजा गया है।
यहां पर सफर हो रहा है बाधित
- ठाकुरद्वारा क्षेत्र में कांठ रोड पर राजेपुर खद्दर से सहसपुर को जाने वाले मार्ग पर बने पुल की दोनों ओर 10-10 मीटर एप्रोच रोड।
- बूढ़ी रामगंगा पर बने पुल की दोनों ओर की सड़क कटकर बह गई।
- महमूदपुर कलमी मार्ग पर 200 मीटर सड़क बहकर हुई गायब।
- इस्लामनगर मार्ग पर दो किमी सड़क की साइड कटकर गायब।
- बहादरपुर-गोपालपुर मार्ग पर सड़क कटकर बही।
- ठाकुरद्वारा में फीका नदी के पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त
- अलीगंज से ठाकुरद्वारा मार्ग पर सड़क कटी
- नूरपुर स्योहारा मार्ग पर सड़क कटी
- डिलारी क्षेत्र में चंद्रपुर मार्ग पर सड़क कटी
बारिश ने जबरदस्त नुकसान किया है। नदियों के बहाव में सड़क ही गायब हो गई हैं। ऐसे में जगह-जगह यातायात बाधित है। कई जगह लोगों ने बांस-बल्लियों से अस्थायी रास्ते बना लिए हैं। शासन से धनराशि मिलने के साथ ही मरम्मत का काम शुरू करा दिया जाएगा। फिलहाल पत्थर डलवाकर सफर शुरू कराया जा रहा है।
- लक्ष्मीनारायण, एक्सईएन-पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड।