जिले के तीन अशासकीय स्कूलों में शिक्षक भर्ती मामले में जांच शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने के बाद हरकत में आए विभाग ने तीनों स्कूलों में शिक्षक भर्ती पर तत्काल रोक लगाते हुए मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक को जांच सौंप दी है। सहायक शिक्षा निदेशक ने बेसिक शिक्षा अधिकारी का जवाब तलब कर तीन दिन के भीतर शिक्षकों की भर्ती संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं।
आचार्य नरेंद्र देव जूनियर हाईस्कूल पाकबड़ा, आसिम बिहारी कन्या जूनियर हाईस्कूल लाजपत नगर और भारती बाल विद्या मंदिर जूनियर हाईस्कूल कानूनगोयान मुरादाबाद में शिक्षकों की भर्ती की गई। तीनों स्कूलों में बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से सात शिक्षकों की भर्ती की गई। जबकि समय सारणी के हिसाब से फरवरी 2019 तक भर्ती होनी थी। हिंदू कालेज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष चौधरी गजेंद्र सिंह ने भर्ती पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री के पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। इससे विभाग में खलबली मच गई और अपर मुख्य सचिव बेसिक ने मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक संजय कुमार रस्तोगी को जांच सौंप दी है। संजय कुमार ने तीनों स्कूलों में हुई भर्ती पर तत्काल रोक लगाते हुए बीएसए योगेंद्र कुमार से रिकार्ड तलब किया है। इससे बीएसए कार्यालय में खलबली मची है।