छह घंटे से पंद्रह घंटे की देरी से चल रही ट्रेनें
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद।
दिवाली पर ट्रेन से घर जाने की सोच रहे हैं तो एक बार इनकी स्थिति जरूर पता कर लीजिए। वरना हो सकता है कि दिवाली ट्रेन में ही मन जाए। सुबह की ट्रेनें रात में पहुंच रही हैं तो रात की ट्रेन दोपहर में। त्योहारी सीजन में ट्रेनों के सफर में ‘ब्लाक’ रोड़ा बन गया है। मुरादाबाद से गुजरने वाली ट्रेनें छह घंटे से पंद्रह घंटे की देरी चल रही हैं। जबकि लाइन मरम्मत का काम अभी जारी है।
खतौली हादसे के बाद रेलवे में बदलाव की बयार चल रही है। रेलवे ने अपना पूरा ध्यान लाइन मरम्मत पर लगा दिया है। यही वजह है कि इंजीनियरिंग विभाग को अब आसानी से ब्लाक मिलने लगे हैं। बीस सितंबर से मुरादाबाद-लखनऊ रेल मार्ग पर मरम्मत का काम चल रहा है। ऐसे ही मुरादाबाद-अंबाला रूट पर भी पटरियों की सेहत सुधारी जा रही हैै। ये काम मुरादाबाद रेल मंडल के अलग-अलग सेक्शन में किया जा रहा है। अभी ये काम 25 अक्तूबर तक जारी रहेगा। इसका असार ट्रेनों के संचालन पर पड़ रहा है। ब्लाक के चलते ट्रेनें घंटों खड़ी कर दी जा रही है। ये ट्रेनें छह से पंद्रह घंटे की देरी से मुरादाबाद पहुंच रही हैं। इसमें स्पेशल ट्रेन के साथ रोजाना चलने वाली ट्रेनें भी शामिल हैं। एडीआरएम संजीव मिश्र ने बताया कि रेल सेफ्टी के लिए ट्रैक मरम्मत का काम चल रहा है। ये काम अभी लंबा चलेगा। इससे रेल हादसों में कमी आएगी।