मुरादाबाद। लोक सभा चुनाव में रोडवेज की बसों के चले जाने से लोगों के पास ट्रेनों का ही सहारा बचा है, लेकिन अब रेल यात्रियों की दुश्वारियां भी और बढ़ने वाली हैं। चौदह अप्रैल से लखनऊ रायबरेली सेक्शन में रेल पटरियों पर मरम्मत व इंटरलॉकिंग का कार्य चलेगा। जिसकी वजह से 50 से ज्यादा ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया गया है। जिसका असर मुरादाबाद रेल मंडल में चलने वाली ट्रेनों पर पर भी पड़ेगा। रद्द की गई ट्रेनों में 30 ऐसी ट्रेनें हैं। जो मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से होकर गुजरती हैं। यहां के यात्रियों को भी खासी परेशानियां उठानी पड़ेंगी।
डीआरएम अजय कुमार सिंघल ने बताया कि लखनऊ रायबरेली सेक्शन में पटरियों पर मरम्मत कार्य चलेगा। जिसकी वजह से ट्रेनों को रद्द किया गया है। उन्होंने बताया कि अप व डाउन लाइन की तीस ट्रेनें चौदह से चौबीस अप्रैल तक रद्द रहेंगी। उन्होंने बताया कि हरिहर एक्सप्रेस (डाउन) 17 से 21 अप्रैल, हरिहर (अप) 19 से 23 अप्रैल, जनसेवा पंद्रह अप्रैल, पंजाब मेल 14 से 24 अप्रैल, उपासना सोलह से बीस अप्रैल, कुंभ एक्सप्रेस सोलह से 23 अप्रैल, गरीब रथ सोलह से 22, जन साधारण 16 से 24 अप्रैल, जनता 16 से 24, नौचंदी 17 से 22, पाटलिपुत्र 17 से 22 अप्रैल तक रद्द रहेगी। इलाहाबाद हरिद्वार एक्सप्रेस 17, 19 और 22 में रद्द रहेगी। हरिद्वार इलाहाबाद एक्सप्रेस भी तीन नहीं चलेगी। सुहेल देव अप और डाउन सोलह से 24 के बीच बंद रहेगी। इसके अलावा पद्मावत एक्सप्रेस सोलह से 22 के बीच लखनऊ तक चलेगी और वहीं से वापस आएगी। अर्चना एक्सप्रेस को लखनऊ से डायवर्ट किया गया है।
यात्री रद्द कराने लगे टिकट
मुरादाबाद। चौदह अप्रैल से दो दर्जन से ज्यादा ट्रेनें रद्द हो रही है। इसके लिए रेलवे ने यात्रियों को मैसेज भेजने शुरू कर दिए हैं । ताकी यात्री समय रहते अपना टिकट कैंसल कराकर दूसरी गाड़ियों में टिकट बुक करा लें। हालांकि ई टिकट खुद ही कैंसल हो जाएंगे। लेकिन काउंटर टिकट के लिए यात्रियों को दौड़भाग करनी पड़ रही है।
स्पेशल गाड़ियाें का सहारा
मुरादाबाद। अब स्पेशल गाड़ियों में और भीड़ बढ़ने वाली है। ट्रेनों के रद्द होने से अब इन गाड़ियों में लोग अपने टिकट कराएंगे। हालांकि इन गाड़ियों में भी पहले से सीटों को लेकर मारामारी चल रही है। चंडीगढ़ गोरखपुर 28 जून, गोरखपुर चंडीगढ़ 29 जून, नई दिल्ली बरौनी स्पेशल 28 जून, दिल्ली छपरा एक्सप्रेस दो जुलाई, बनारस भठिंडा स्पेशल दो जुलाई, दरभंगा दिल्ली स्पेशल 29 जून चलेंगी। मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से चौदह स्पेशल गाड़ियां जुलाई माह तक चलेंगी।