मुरादाबाद। लोकसभा चुनाव में बीएलओ एवं सुपरवाइजर की ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में भगतपुर ब्लाक के 11 शिक्षकों के वेतन पर रोक लगा दी है। निर्वाचन कार्यालय के निर्देश पर बीएसए ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। वेतन रोकने की कार्यवाही से शिक्षकों में हड़कंप मचा है।
बीएसए कार्यालय के मुताबिक 12 मार्च को शिक्षकों की बीएलओ और सुपरवाइजर की ड्यूटी लगाई गई थी। भगतपुर टांडा ब्लाक में कई शिक्षकों के ड्यूटी में लापरवाही बरतने की शिकायत की गई थी। शिकायत की पुष्टि होने पर शिक्षक शकील अहमद, संजीव कुमार, छिद्दा सिंह, इरफान अली, असमा परवीन, जमील अहमद, सूरजभान, मो हारून, फतेह सिंह, तौफिक अहमद, शीबा परवीन को नोटिस जारी करते हुए अग्रिम आदेश तक वेतन आहरण पर रोक लगा दी है। शिक्षकों का स्पष्टीकरण तलब किया है।