मुरादाबाद। पिछले साल मार्च के महीने में पौने चार करोड़ के हाउस टैक्स वसूलने के बाद मौजूदा साल में सिर्फ 62 लाख निगम के खाते तक पहुंचने के बाद नगर आयुक्त ने टैक्स विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त कार्रवाई के संकेत दिए थे। अपनी गर्दन पर तलवार लटकती देखकर टैक्स विभाग ने बीते दस दिनों में सवा तीन करोड़ रुपये की वसूली की है। अब चार दिनों में करीब एक करोड़ रुपये का हाउस टैक्स और वसूले जाने की बात कही जा रही है।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार सोनकर के मुताबिक मंगलवार को चले अभियान में विजय नगर स्थित इंद्रावती पेट्रोलियम से पांच लाख रुपये, लाजपतनगर में देशी घी के व्यवसायी मुकुल चौधरी से 3.36 लाख रुपये, लाकड़ी फाजलपुर मेंफैक्ट्री स्टील वर्ल्ड से साढ़े चार लाख रुपये वसूले गए।
इसके बाद कर अधीक्षक राजवीर सिंह, मो. सुब्हान, मयंक चौहान समेत टीम मोहल्ला पीरजादा पहुंची। यहां गत्ता कारोबारी कलीम इलाही पर पंद्रह लाख रुपये बकाया था। उन्होंने तीन लाख रुपये जमा करने के लिए कहा। इसपर उनकी दुकान सील कर दी गई। वहीं बगल में उनके भाई रिजवान इलाही और तहसीम इलाही की दुकानों पर नोटिस चस्पा किए गए है। पूरे दिन की कार्रवाई में 53 लाख रुपये वसूले गए हैं।