नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में मुरादाबाद खेल महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को हैंडबाल, एथलेटिक्स और क्रिकेट प्रतियोगिताएं खेली गईं। क्रिकेट का फाइनल मैच चार फरवरी को खेला जाएगा। हैंडबाल और एथलेटिक्स के विजेता खिलाड़ी सम्मानित किए गए।
मुख्य अतिथि अध्यक्ष बार एसोसिएशन लाइब्रेरी विनय कौशिक ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। हैंडबाल प्रतियोगिता में स्टेडियम की टीम विजेता और ग्रीन मिडोज स्कूल की टीम उपविजेता रही। एथलेटिक्स में सौ मीटर दौड़ बालक वर्ग में अजीम पहले, रितिक चौधरी दूसरे और हिमांशु तीसरे स्थान पर रहे। 15 सौ मीटर दौड़ में योगेंद्र प्रथम, शाकिर द्वितीय और अमन तृतीय रहे। दो सौ मीटर दौड़ में नैंसी को पहला, अरब को दूसरा और बिलाल को तीसरा स्थान मिला। गोला फेंक में सरफराज प्रथम, शाकिब द्वितीय और फरमान तृतीय रहे। बालिका वर्ग में सौ मीटर में ज्योति रानी पहले, मंतशा दूसरे और रूबी तीसरे स्थान पर रहीं। 15 सौ मीटर में प्रीति प्रथम, शिवानी द्वितीय और मंजू तृतीय रहीं। दो सौ मीटर दौड़ में रूबी को पहला, मंतशा को दूसरा और सर्वेश को तीसरा स्थान मिला। गोला फेंक में मंजू पहले, सलोनी दूसरे और प्रीति तीसरे स्थान पर रहीं। क्रिकेट में पहला मैच ठाकुरद्वारा और सोनकपुर ब्लू टीम के बीच खेला गया। ठाकुरद्वारा के खिलाड़ियों ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 70 रन बनाए। जवाबी पारी में सोनकपुर ब्लू की टीम 67 रन ही बना सकी और ठाकुरद्वारा की टीम ने रोमांचक मुकाबले में तीन रन से मैच जीत लिया। दूसरा मैच डिजाइनगो इंडिया और किंग्स इलेवन के बीच खेला गया। किंग्स इलेवन की टीम ने 57 रन बनाए। गौरव ने 16 और फैज ने 14 रन का योगदान दिया। डिजाइनगो की टीम ने बिना कोई विकेट खोए लक्ष्य हासिल कर दस विकेट से मैच जीत लिया। तीसरा मैच सोनकपुर स्टेडियम रेड और किसान इंटर कालेज के बीच खेला गया। किसान इंटर कालेज ने 34 रन का लक्ष्य दिया। स्टेडियम के गेंदबाज रितिक चौधरी और शिवादित्य ने तीन-तीन विकेट लिए और टीम ने लक्ष्य तीन ओवर में हासिल कर लिया। इस दौरान क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना, एसके क्षेत्री, यश शुक्ला, अजय विक्रम पाठक आदि मौजूद रहे।