चंडीगढ़ से लखनऊ जा रही एक्सप्रेस ट्रेन के टायलेट में लावारिस बैग मिलने से हड़कंप मच गया। शाहजहांपुर में ट्रेन रोक कर जीआरपी और आरपीएफ ने बैग उतार लिया। हालांकि बैग में कुछ नहीं मिला। इसके बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना कर दी गई।
चंडीगढ़ लखनऊ एक्सप्रेस ट्रेन सोमवार सुबह चंडीगढ़ से लखनऊ जा रही थी। ट्रेन बरेली रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो एक यात्री ने स्टेशन मास्टर को सूचना कि ट्रेन के एस टू कोच के टायलेट में लावारिस बैग पड़ा है। इसकी जानकारी कंट्रोल रूम में दी गई। लेकिन तब तक ट्रेन बरेली से रवाना हो चुकी थी। सुबह छह बजकर 32 मिनट पर ट्रेन शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। तब यहां जीआरपी और आरपीएफ व बम निरोधक दल स्टेशन पर पहुंच चुका था। इसके बाद ट्रेन से बैग उतार लिया। लावारिस बैग मिलने से यात्रियों में हड़कंप मचा रहा। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त संदीप कुमार रघुवंशी ने बताया कि सूचना मिली थी। शाहजहांपुर में ट्रेन से बैग उतारकर चेक किया गया। बैग में कुछ आपत्तिजनक वस्तु नहीं थी।