बिलारी (मुरादाबाद)। स्थानीय कोतवाली पुलिस द्वारा गठित किए गए एंटीरोमियो दल के सदस्यों ने बुधवार की दोपहर क्षेत्र के सहसपुर गांव स्थित एचएसए इंटर कालेज और जनता इंटर कालेज में गोष्ठियां कीं। दोनों कालेजों में गोष्ठियों में बड़ी संख्या में मौजूद छात्राओं को महिला सुरक्षा के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान कोतवाली की महिला दारोगा सत्यवती ने एंटीरोमियो दल के गठन का उद्देश्य, इसका महत्व और छात्राओं की सुरक्षा के लिए दल की उपयोगिता बताई। दोनों कालेजों में हुई गोष्ठियों के बाद एंटीरोमियो दल के सदस्यों ने कालेज स्टाफ के साथ भी बैठकें कीं। बाद में एंटीरोमियो दल कर्मियों ने सहसपुर गांव में थांवला रोड पर संदिग्ध युवकों और बाइक सवारों को रोककर पूछताछ भी की।