मुरादाबाद। हज यात्रा के लिए ऑनलाइन जहाज की सीट बुकिंग कराने वालों के लिए अच्छी खबर है। ऑनलाइन बुकिंग वाले यात्रियों को अब दो दिन पहले नहीं बल्कि मात्र 24 घंटे पहले कवर हेड के जरिए उड़ान केंद्र को रिपोर्टिंग करनी होगी। हज कमेटी आफ इंडिया की ओर से यह व्यवस्था पहली बार लागू हुई है। इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
मुरादाबाद जिले से 2379 लोगों का यात्रा के लिए चयन हुआ है। 14 जुलाई से यात्रा शुरू हो रही है। 28 जुलाई तक चलने वाली यात्रा के लिए 49 उड़ानें हैं। जिला हज ट्रेनर मुख्तार असलम के मुताबिक 18 जुलाई तक की उड़ानों के लिए लिस्ट जारी हो गई है। पिछले सालों तक यात्रियों की लिस्ट जारी होने के बाद उन्हें दो दिन पहले उड़ान केंद्र में पहुंचकर रिपोर्टिंग करनी होती थी। इससे दिल्ली में हाजियों का बेवजह समय बर्बाद होता था। उनकी परेशानी को देखते हुए इस साल से यात्रियों को राहत दी गई है। जहाज में सीट की ऑनलाइन बुकिंग कराने वालों को दो दिन पहले जाने की जरूरत नहीं होगी। यात्री हज कमेटी की वेबसाइट पर आनलाइन 24 घंटे पहले कवर हेड के माध्यम से रिपोर्टिंग करेंगे। जिन यात्रियों ने आनलाइन बुकिंग नहीं की है उन्हें बुकिंग की तस्दीक करने के लिए पे इन स्लिप के साथ अपने निर्धारित उड़ान केंद्र पर फ्लाइट से दो दिन पहले रिपोर्टिंग करनी होगी।
ग्रीन अजीजिया कैटेगरी एक बार इख्तियार करने के बाद किसी भी हालत में तब्दील नहीं की जाएगी। यात्रियों को निर्धारित एयरपोर्ट पर अपनी उड़ान से चार घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य होगा। हज ट्रेनर मुख्तार असलम के मुताबिक उड़ान की तारीख मैसेज मिलने के बाद यात्रियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 14 जुलाई को ऑफ लाइन सीट बुकिंग वाले यात्री 12 जुलाई को उड़ान केंद्र पहुंचकर रिपोर्टिंग करना शुरू कर देंगे।