बिलारी। बिलारी के भाजपा नेता सुरेश सैनी और कुंदरकी के भाजपा विधायक रामवीर सिंह के प्रयासों से प्रदेश शासन की ओर से बिलारी विधानसभा क्षेत्र के 11 और कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के 14 ग्रामों के आंबेडकर पार्कों का सौंदर्यकरण कराने के लिए धनराशि स्वीकृत हो गई है।
भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और बिलारी सीट से दो बार भाजपा के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ चुके सुरेश सैनी ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा आंबेडकर पार्कों का सौंदर्यकरण कराने की घोषणा के अनुसार उन्होंने तहसील प्रशासन के अधिकारियों से समन्वय बैठाकर 11 ग्रामों में आंबेडकर पार्कों के सौंदर्यकरण का प्रस्ताव शासन स्तर तक भेजा। इन ग्रामों में शामिल सादिकपुर,नगला गूजर, अलेहदादपुर देवा, नगला, बहादरपुर, चक हबीबपुर, मिलक नगलिया जट, रामनगर गंगपुर, ग्वारऊ और ग्वालखेड़ा के आंबेडकर पार्कों के सौंदर्यकरण के लिए धनराशि मंजूर हो गई है।मुरादाबाद जिले में कुल 57 ग्रामों के आंबेडकर पार्कों के सौंदर्यकरण के लिए मंजूरी मिली है जिनमें बिलारी विधानसभा में 11 और कुंदरकी विधानसभा में 14 गांव शामिल हैं। प्रत्येक गांव में पार्क के सौंदर्यकरण के लिए दस दस लाख रुपये खर्च होंगे।
कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने बताया कि जिन आंबेडकर पार्कों में प्रतिमा लगी हुई है उनके सौंदर्यकरण के लिए दस दस लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। भाजपा विधायक के अनुसार शासन की ओर से यह धनराशि समाज कल्याण विभाग को दी गई है जबकि समाज कल्याण विभाग द्वारा ग्राम अभियंत्रण विकास विभाग को काम कराने की जिम्मेदारी दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। आगामी नवंबर माह के पहले सप्ताह से चयनित पार्कों में काम शुरू हो जाएगा। उधर आंबेडकर युवक संघ बिलारी के तहसील अध्यक्ष डा. जगतपाल सिंह ने बताया कि बहादरपुर गांव में पार्क के पूरब की चाहरदीवारी टूटी हुई है। कई अन्य पार्कों में भी काम कराए जाने की जरूरत है।
फोटो संख्या-14,15