मुरादाबाद। मंडल में बिछी पटरियों पर दौड़ती ट्रेनों के पहियों का ब्रेक बने मेगा ब्लॉक का प्रभाव शनिवार को दर्जनों ट्रेनों के लेटलतीफी के रूप में सामने आई। अच्छी यात्रा की उम्मीद लगाकर ट्रेनों में चढ़े यात्रियों को मायूसी हुई। दरभंगा से अमृतसर के बीच चलने वाली 15211 जननायक एक्सप्रेस के तीन घंटे लेट होने के रेलवे बोर्ड के दावे के इतर मुरादाबाद स्टेशन आते-आते पांच घंटा तक लेट हो गई।
शनिवार को मंडल के रेल पुल, सिग्नल, ओएचई और यार्ड के प्वाइंट को ठीक कराने में बोर्ड ने रविवार सुबह 11:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक मुरादाबाद से बरेली और दोपहर 1:15 बजे से शाम 5:15 बजे के बीच मुरादाबाद से लक्सर सेक्शन पर ब्लॉक लिया था। रेलवे की तरफ से मंडल में पिछले चार दिनों से मरम्मत के काम कराए जा रहे हैं। 14235/14236 वाराणसी एक्सप्रेस रोजा स्टेशन तक ही चली।
04403 बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल छह घंटा, 12524 जलपाईगुड़ी सुपरफास्ट एक्सप्रेस साप्ताहिक दो घंटा, 22552 जालंधर सिटी दरभंगा अंत्योदय एक्सप्रेस ढाई घंटा, 54394 गजरौला मुरादाबाद पैसेंजर तीन घंटा, हरिद्वार जाने वाली कुंभ एक्सप्रेस समेत दर्जनों ट्रेनें घंटों लेट होने से यात्रियों को परेशानी हुई।