बिलारी। एसडीएम ने बिलारी नगर और कुंदरकी नगर के परिषदीय स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पंजीकरण के अनुपात में काफी कम बच्चे मिले। मिड डे मील में आलू और चावल से बनी तहरी को चैक किया तो दोनों कच्चे मिले। एसडीएम ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए निरीक्षण रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी है। डीएम के निर्देश पर शुक्रवार की सुबह एसडीएम रामप्रकाश ने बिलारी नगर के परिषदीय स्कूलों और तहसीलदार राजेश कुमार ने कुंदरकी नगर के परिषदीय स्कूलों का औचक निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसडीएम ने बिलारी नगर के मोहल्ला बाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय इस्लामियां, प्राथमिक विद्यालय अपरजदीद, प्राथमिक विद्यालय अब्दुल्ला, प्राथमिक विद्यालय कन्या, प्राथमिक विद्यालय कोठी, उच्च प्राथमिक विद्यालय बिलारी, कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय बिलारी का निरीक्षण करने के दौरान अभिलेख देखे और नामांकित छात्रों के हिसाब से उपस्थित छात्रों की गणना भी की। सभी परिषदीय स्कूलों में पंजीकृत के मुकाबले उपस्थित छात्र काफी कम संख्या में मिले।
एसडीएम ने कन्या प्राइमरी स्कूल के निरीक्षण के दौरान बच्चों के लिए मिड डे मील में आलू और चावल से बनी तहरी को जब चैक किया, तो दोनों कच्चे थे। एसडीएम ने नगर के शंकर सहाय हर सहाय कन्या इंटर कालेज और नगर के रामरतन इंटर कालेज का भी निरीक्षण किया। यहां भी पंजीकरण के अनुपात में छात्र संख्या कम मिली। तहसीलदार राजेश कुमार ने कुुंदरकी नगर के सभी परिषदीय स्कूलों के अलावा कुंदरकी के राजकीय कन्या इंटर कालेज और जेएलएम इंटर कालेज का निरीक्षण किया। एसडीएम ने निरीक्षण रिपोर्ट उचित कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को भेज दी है।