कटघर के मोहल्ला बरवाला मझरा में एक घर में लकड़ी के बुरादे से चाय की पत्ती और नकली गुटखा, पान मसाला व बीड़ी बनाने का धंधा चल रहा था। पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को छापा मारकर हरदोई के एक युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया जबकि उसका एक साथी मौके से भाग निकला।
पुलिस ने मौके से भारी तादाद में नकली दिलबाग गुटखा, पान मसाला और खुली चाय पत्ती व लकड़ी का बुरादा बरामद किया है। मौके पर बाकायदा किसी फैक्ट्री की तरह गुटखा और पान मसाला के पाउच पैक करने के लिए पैकिंग मशीन भी लगी हुई थी।
पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार दोपहर बरवाला मझरा में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शर्मा और कटघर एसओ ओंकार सिंह के नेतृत्व में लईक के मकान पर छापा मारा। मकान के भीतर नकली गुटखे और पान मसाला व चाय बनाने की फैक्ट्री चल रही थी।
रैपर बदलकर अवैध रूप से कंपनियों के नाम से गुटखा और पान मसाला के पाउच तैयार किए जा रहे थे। लकड़ी के बुरादे को मिलाकर चाय पत्ती तैयार की जा रही थी। पुलिस को मौके से तंबाकू के करीब बीस बोरे, बीड़ी का एक बोरा, बीस पैक पैकेट चाय, एक बोरा खाली रैपर और पैकिंग मशीन लगी मिली।
पुलिस ने मौके पर मिले मनोज पुत्र रामभजन निवासी गांव मीरगवा थाना हरपालपुर जिला हरदइोई को गिरफ्तार कर लिया। मनोज पिछले काफी वक्त से लईक के मकान में रह रहा था। पुलिस ने मनोज और उसके फरार साथी भूरा पुत्र रहीश निवासी बरवाला मझरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।