मुरादाबाद। जिले के परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले 1.72 लाख विद्यार्थी इस बार असेसमेंट से प्रमोट किए जा सकते हैं। परिषदीय स्कूलों में परीक्षा नहीं कराई जाएगी। कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों को बिना परीक्षा अगली कक्षा में भेजा जाएगा। हालांकि इस संबंध में शासन से जिले स्तर पर कोई गाइडलाइन अभी नहीं आई है।
कोरोना संक्रमण काल में स्कूल कालेज बंद रहे। हालात सुधरने पर दस फरवरी से परिषदीय स्कूल खुलने शुरू हुए हैं। वहीं एक मार्च से एक से पांच तक की कक्षाएं भी संचालित होने लगी हैं। इससे पहले कोरोना संक्रमण के चलते 14 मार्च 2020 से शैक्षिक सत्र 2020-21 में शिक्षण कार्य प्रभावित रहा। वर्ष 2020 जुलाई में परिषदीय स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं शुरू की गईं, लेकिन संसाधन न होने से इसका लाभ हर विद्यार्थी नहीं मिल सका। ऐसे में शासन ने परिषदीय स्कूलों में परीक्षा नहीं कराने का निर्णय लिया है। कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों को असेसमेंट से प्रमोट किया जाएगा। जिले के 1,72,989 विद्यार्थियों का असेसमेंट किया जाएगा। बिना परीक्षा विद्यार्थियों को अगली कक्षाओं में भेजा जाएगा। असेसमेंट में प्रेरणा ज्ञानोत्सव के जरिए बच्चों के सीखने और पढ़ने की क्षमता का आकलन करने की योजना है।
- जिले के परिषदीय स्कूलों में कक्षा एक से आठ तक में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या 1.72 लाख है। अभी शासन से विद्यार्थियों को असेसमेंट से प्रमोट करने की कोई गाइडलाइन या आदेश नहीं आया है। अगर शासन से कोई दिशा निर्देश मिलता है तो बिना परीक्षा असेसमेंट कर 1.72 विद्यार्थियों को अगली कक्षाओं में भेज दिया जाएगा। - योगेंद्र कुमार, बीएसए
किस कक्षा में कितने बच्चे
कक्षा--बच्चों की संख्या
एक------21,645
दो-------32,365
तीन------29,691
चार------26,117
पांच------23,060
छह------14,127
सात------13,604
आठ------12,380
कुल------1,72,989