पटेहरा। संतनगर थाना क्षेत्र के मुस्किरा गांव में विंध्यवासिनी कन्या इंटर कॉलेज के पास लालगंज-कलवारी संपर्क मार्ग पर सोमवार को बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से एक युवक घायल हो गया था। मंगलवार दोपहर में इलाज के दौरान मंडलीय अस्पताल में युवक की मौत हो गई। शादी के कुछ दिन बाद मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
थाना क्षेत्र के रामपुर रेक्सा निवासी जयचंद (21) पुत्र कन्हैया लाल की 28 मई को राजगढ़ थाना क्षेत्र के बघौड़ा गांव के धनावल मौजा निवासी कल्लू की पुत्री संजू के साथ शादी हुई थी। शादी में लड़की के पिता कल्लू ने गृहस्थी के सामान के साथ बाइक भी दी थी। शादी के बाद दुल्हन दूल्हे के साथ विदा होकर ससुराल आई। तीन दिन बाद दुल्हन विदा होकर वापस मायके चली गई। सोमवार की शाम जयचंद बाइक से घूमने निकले थे। मुस्किरा गांव में विंध्यवासिनी कन्या इंटर काॅलेज के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। इस हादसे में जयचंद घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन घायल को इलाज के लिए दीपनगर के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां इलाज के बाद युवक घर चला गया। मंगलवार को सुबह 10 बजे अचानक जयचंद की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान दोपहर में जयचंद की मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही पत्नी रो-रोकर बेहाल हैं। पिता कन्हैया ने बताया कि बाइक से गिरकर घायल पुत्र की इलाज के दौरान अस्पताल मेें मौत हो गई।