पटेहरा। संतनगर थाना क्षेत्र के सिरसी फाल में नए साल पर दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया युवक सेल्फी लेते समय ऊपर से नीचे गिर गया। पुलिस की मदद से उसे निकलवा कर उसके साथी बाइक से उपचार के लिए पीएचसी लेकर जा रहे थे। पुलिस पीएचसी पर इंतजार कर रही थी, परंतु साथी घर ले गए। वहां से सीएचसी लालगंज ले गए। जहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
लालगंज थाना क्षेत्र के दुबार कला निवासी राकेश (26) अपने सगे भाई सूरज, दोस्त अर्जुन और महेंद्र के साथ एक बाइक से सिरसी फाल पिकनिक मनाने गया था। चारो लोग खाना खाने के बाद सेल्फी लेने के लिए फाल पर एकदम किनारे पहुंच गए। सेल्फी लेते समय राकेश का पैर फिसल गया। इससे वह नीचे गिर गया। पत्थर से टकराकर पानी में गिरा राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके गिरते ही वहां मौजूद भीड़ हट गई। पर्यटकों की मदद से पुलिस ने घायल को पानी से बाहर निकलवाकर इलाज के लिए पटेहरा पीएचसी भेजवाया। बाइक सवार गांव के ही अर्जुन और महेंद्र घायल को लेकर पटेहरा पीएचसी जा रहे थे। पीएचसी के मेन गेट से बाइक घुमाकर घायल को लेकर घर चले गए। पुलिस भी उनके इंतजार में पीएचसी पर घंटों खड़ी रही। पुलिस के साथ घायल का छोटा भाई सूरज भी बड़े भाई का इंतजार करता रहा। पुलिस घायल को लेकर आ रहे बाइक चालक को लगातार फोन करती रही, परंतु चालक ने फोन नहीं उठाया। घर से परिजन घायल को लेकर लालगंज सीएचसी ले गए। जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ मंजरी राव ने बताया कि सेल्फी लेते समय फाल में गिरने से युवक की मौत हो गई।