राजगढ़/सक्तेशगढ़। मड़िहान थाना क्षेत्र के गढ़वा गांव निवासी एक युवक की बृहस्पतिवार की रात को डायरिया की चपेट में आने से मौत हो गयी। युवक की मौत से परिजन रो रो कर हाल-बेहाल है। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर अंतिम संस्कार कर दिया। डायरिया से मौत की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची तो दो लोग बीमार मिले।
क्षेत्र के गढ़वा गांव निवासी राजेंद्र (38) पुत्र सतीराम बुधवार की रात भोजन करने के बाद अपने घर में सोया था। अचानक पेट में दर्द होने लगा। जिसके बाद उसे उल्टी दस्त शुरु हो गया। परिजनों ने पास के एक निजी चिकित्सक से इलाज कराया। हालत बिगड़ने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र राजगढ़ में भर्ती कराया। जहां इलाज के बाद हालत में सुधार न होने पर मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन युवक को सोनभद्र ले गए। इलाज कराने के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराने के लिए भटकते रहे, पर कोई अस्पताल भर्ती नहीं लिया। जिससे युवक की मौत हो गयी। युवक की मौत से परिजन रो रो कर बेहाल हो गए। मृतक को एक पुत्र व तीन पुत्रियां है। मौत होने पर परिजनों ने शव को अंतिम संस्कार कर दिया। डायरिया से मौत की खबर मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में जाकर जांच पड़ताल किया। जांच में पता चला कि गंदा पानी पीने से डायरिया फैला है। मृतक के भाई का पुत्र आकाश (7) और पुत्री करिश्मा (5) भी डायरिया से पीड़ित है। सीएचसी प्रभारी डा. संतलाल ने बताय कि उल्टी-दस्त से युवक की हालत बिगड़ने के बाद अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार कर रेफर किया गया। उसकी मौत हो गई। मौत की जानकरी मिलने पर गांव में टीम भेजा गया उसके परिवार के दो लोग डायरिया पीड़ित मिले। जो गंदा पानी पीने से डायरिया की चपेट में आ गए थे। उनका उपचार किया जा रहा है।