हलिया। बबुरा कलां गांव में सोमवार को पानी भरने के दौरान पैर फिसलने से युवक कुएं में गिरकर युवक की मौत हो गई।
बबुरा कलां गांव निवासी डमरू शंकर मिश्र (38) और अनंत देव मिश्र सुबह कुएं पर स्नान करने गए थे। वह रस्सी के सहारे बाल्टी से पानी निकाल रहे थे कि पैर फिसलने से कुएं में गिर गए। पड़ोसी किशन लाल ने युवक के कुएं में गिरने की आवाज सुनने पर शोर मचाया। ग्रामीणों ने कटिया और रस्सी के सहारे युवक को कुएं से बाहर निकाला। परिजन एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया ले गए। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसआई सुनील कुमार ने परिजनों व प्रधान पति पुष्पेंद्र सिंह मून्नू से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।