पड़री थाना क्षेत्र के धनही-कठिनई गांव के बीच बृहस्पतिवार को सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस और परिजनों को सूचना दी।
थाना क्षेत्र के कठिनई निवासी लखंदर गुप्ता (25) पुत्र रामचंदर गुप्ता बृहस्पतिवार को सुबह छह बजे के करीब घर से शौच के लिए निकले थे। रास्ते में धनही-कठिनई के बीच में वे रेल लाइन पर ट्रेन की चपेट में आ गए। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। उधर से गुजर रहे ग्रामीणों ने शव देखकर उनकी पहचान करने के बाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मौत की खबर सुनकर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। शिनाख्त होने पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष माधव सिंह ने बताया कि परिजनों से बात की गई तो बताया गया कि लखंदर मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। सुबह शौच के लिए घर से निकले थे। इस बीच ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।