लालगंज। बड़े भाई की शादी का कार्ड बांटने निकले युवक की शनिवार को शाम को लालगंज थाना क्षेत्र के बनकट गांव के सामने गैपुरा-लालगंज मार्ग पर चार पहिया से टक्कर के बाद ट्रैक्टर से टकराकर से मौत हो गई। बाइक पर सवार उसके चाचा घायल हो गए। सीएचसी लालगंज में प्राथमिक उपचार के बाद उनको मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिगना थाना क्षेत्र के गौरा गांव के शिवराजपुर मजरा निवासी अरविंद कुमार (19) पुत्र राजकुमार बिंद अपने चाचा रमेश (40) को बाइक पर बैठाकर शनिवार को घर से अपने भाई की शादी का कार्ड बांटने निकला था। वह शनिवार को शाम को लालगंज बाजार निवासी अपने पिता के मित्र जमुना प्रसाद पाल को भाई की शादी का कार्ड देने जा रहा था। रास्ते में बनकट गांव के सामने विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार चार पहिया से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क की पटरी पर पाइप तथा पंडाल लाद रहे ट्रैक्टर-ट्राली में टकरा गए। स्थानीय लोगाें की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों घायलों को सीएचसी लालगंज ले गई। जहां डॉक्टरों ने अरविंद को देखते ही मृत घोषित कर दिया और गंभीर रूप से घायल चाचा रमेश को मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। युवक की मौत की खबर सुनते ही घर में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। अरविंद के बड़े भाई सुशील की शादी 26 अप्रैल को थाना क्षेत्र के नरोइया गांव निवासी छन्नन बिंद की बेटी के साथ तय है। इससे पहले 24 अप्रैल को तिलकोत्सव कार्यक्रम है। अरविंद दो भाइयों और दो बहनों में चौथे नंबर पर था। उसने इंटरमीडिएट बोर्ड की परीक्षा दी थी। मौत की सूचना पर मां विमला देवी तथा दोनों बहनों गीता और सीता की रो-रोकर बेहाल रहीं। थानाध्यक्ष अजित श्रीवास्तव ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।