राजगढ़। मड़िहान थानाक्षेत्र के राजगढ़ पुरानी पुलिस चौकी मोड़ पर टिपर के धक्के से बाइक सवार युवक घायल हो गया। उसे सीएचसी राजगढ़ में इलाज के बाद ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। ददरा बाजार निवासी संजीत गुप्ता (25) पुत्र सुरेंद्र गुप्ता अपनी बाइक से मिर्जापुर-चुनार मोड़ पर पुरानी पुलिस चौकी के सामने खड़ा था। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित टिपर ने बाइक सवार युवक को धक्का मार दिया। इससे युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पिकेट ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी ने घायल को सीएचसी राजगढ़ में भर्ती कराया, जहां युवक की गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सक ने उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। क्षेत्र में धड़ल्ले से बोल्डर लादकर टिपर दौड़ रही है। अक्सर रात के समय चोरी छिपे टिपर में बोल्डर लादकर खनन माफिया क्षेत्र में बेच रहे हैं। इससे रात का समय होने के कारण बोल्डर गिराकर टिपर तेज रफ्तार से चलने लगते हैं। इससे अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।