हलिया। थाना क्षेत्र के ड्रमंडगंज स्थित आदर्श श्री शिवप्रसाद संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. छोटे लाल शुक्ल के पुत्र का शव मंगलवार की सुबह महाविद्यालय परिसर में स्थित बीएसएनएल एक्सचेंज के कमरे में पंखे से लटका मिला। शव तार की फंदे पर लटका पाया गया। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। प्राचार्य की सूचना पर पहुंची हलिया पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. छोटे लाल शुक्ल प्रयागराज जिले के कोरांव थानांतर्गत अयोध्या गांव के निवासी हैं। करीब 15 वर्ष से महाविद्यालय में प्राचार्य के पद पर हैं। प्रतिदिन घर से महाविद्यालय आते हैं। प्राचार्य ने बताया कि उनका दूसरे नंबर का 27 वर्षीय अविवाहित पुत्र उमेश कुमार शुक्ल उर्फ गुड्डू सोमवार को बाइक लेकर घर से निकला था। रात में एक बार फोन पर बात हुई, पर रात में वह घर वापस नहीं आया दोबारा फोन मिलाने पर उसका फोन स्विच आफ था। मंगलवार की सुबह दस बजे महाविद्यालय पहुंचे तो देखा कि उनके पुत्र की बाइक महाविद्यालय परिसर में ही खड़ी थी। उसके बाद पुत्र के मोबाइल पर फोन लगाने लगे पर मोबाइल बंद था। वह पुत्र को महाविद्यालय में ही ढूंढने लगे। परिसर में स्थित बीएसएनएल के एक्सचेंज के पास पहुंचे तो देखा कि उसका दरवाजा खुला था। अंदर पंखे पर उमेश का शव बिजली के तार के फंदे पर झूलता मिला। प्राचार्य ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे एसडीएम लालगंज शिवप्रसाद, एबीएसए धनंजय सिंह व महाविद्यालय के प्रबंधक इंद्र देव मिश्र भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक देवीवर शुक्ल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारण की पुष्टि हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।