बरकछा स्थित बीएचयू के साउथ कैंपस में सोमवार को धरना देते योग के विद्यार्थी
बरकछा स्थित राजीव गांधी दक्षिणी परिसर में योग एवं नेचुरोपैथी के बीएनवाईएस कोर्स के छात्र-छात्राओं ने सोमवार को प्रशासनिक भवन के सामने धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने ने मूलभूत जरूरतों के अभाव में कोर्स को बीएचयू स्थानान्तरित करने की मांग की है। धरना देर शाम तक चला।
धरना प्रदर्शन के दौरान आयोजित सभा में डा. गौरव पाठक ने कहा कि स्थापना के समय से ही योग व प्राकृतिक चिकित्सा कोर्स संचालित किया जा रहा है, बावजूद इसके आज तक कोर्स के लिए कोई भी विभाग अथवा फैकेल्टी नहीं बनाई गई। जिसके चलते छात्र-छात्राओं को आज तक मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल सकीं। ऐसे में कोर्स करने वाले चिकित्सक लोगाें का कैसे इलाज कर सकेंगे।
डा. कौशलेन्द्र द्विवेदी ने कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि बीएचयू जैसे विश्वस्तरीय संस्थान में योग नेचुरोपैथी के कोर्स बीएनवाईएस के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। डा. राजेश कुमार सिंह ने कहा कि कोर्स को बीएचयू मुख्य शाखा मेें स्थानांतरित किया जाए, जिससे महामना मदन मोहन मालवीय के सपनों को साकार किया जा सके। इस दौरान डा. अरुण, डा. शेरू, डा. पूनम, अनिता, ज्योति, अभिषेक, अनुराधा, ललिता, विशेष, संतोष आदि शामिल रहे।