जिगना/हलिया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न स्थानों से आए पहलवानों ने दांव आजमाए। मौसम खराब होने के बावजूद काफी संख्या में लोग कुश्ती दंगल देखने के लिए मौजूद रहे।
जय बजरंग रामलीला एवं दंगल सेवा समिति गोनौरा की तरफ से मंगलवार को प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित कुश्ती दंगल में दो दर्जन से ज्यादा पहलवानों ने दांव आजमाए। इनमें से 11 हजार रुपये की कुश्ती मिर्जापुर के चीनी पहलवान व चंदौली के शमशेर सिंह के बीच हुई, जो बराबरी पर छूटी। चंदौली के दीपक ने वाराणसी के संदीप, अयोध्या के सुदामा दास ने वाराणसी के निहाल, गाजीपुर के दिलीप ने मुगलसराय के प्रमोद और डीएलडब्ल्यू वाराणसी के राजेश ने सुरेंद्र मुजहरा को पटकनी देकर कुश्ती अपने नाम की। इसी तरह से जौनपुर के उमा ने वाराणसी के दिलावर तथा मिर्जापुर के चीनी पहलवान ने दिल्ली के रितेश पहलवान को पटखनी देकर इनाम अपने नाम किया। संचालन स्वामीनाथ सिंह व भरत सिंह ने किया। निर्णायक पृथ्वीराज सिंह व राम सिंह रहे। इस दौरान विजय शंकर पांडेय, प्रेम बहादुर सिंह, रामू सिंह आदि मौजूद रहे।
उधर, हलिया बाजार स्थित हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित कुश्ती दंगल में पहली कुश्ती भिटहा के विजय व हलिया के सद्दाम के बीच हुई। जिसमें भिटहा के विजय ने सद्दाम को पटकनी देकर इनाम अपने नाम किया। दूसरी कुश्ती विशेषपुर के अर्जन व हलिया के शंकर के बीच हुई। जिसमें अर्जन ने शंकर को पटखनी दी। इसी तरह कई और पहलवानों ने अपने दांव आजमाए। संयोजक प्रधान संघ के अध्यक्ष शिवबाबू सेठ, भीम दत्त त्रिपाठी के अलावा रामनरेश, आजम खान, आशीष अग्रहरि आदि रहे। अदलहाट के गरौड़ी गांव में आयोजित कुश्ती दंगल में हाजीपुर के किशन, भुइली खास के पंकज, हाजीपुर के धरमवीर व विनय पहलवान ने अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को पटकनी देकर तीन-तीन सौ रुपये का इनाम अपने नाम किया। बारिश होने के कारण कार्यक्रम बाधित हो गया। इस दौरान पूर्व प्रधान डॉ. अशोक कुमार सिंह, प्रधान प्रतिनिधि आसीम मास्टर तथा संजय सिंह आदि मौजूद रहे।