मिर्जापुर। खरीफ सीजन के दौरान उर्वरक की कालाबाजारी को रोकने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर रविवार को अधिकारियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में एक साथ छापामारा। सदर, चुनार, लालगंज व मडि़हान में कुल 36 उर्वरक की जांच की गई। इस दौरान जहां 14 दुकानों से नमूने लिए गए। वहीं, तीन दुकानदारों को कमियां पाए जाने पर चेतावनी दी गई। जिला कृषि अधिकारी पवन कुमार प्रजापति ने सदर तहसील में 12 दुकानों पर छापा मारते हुए पांच दुकानों से नमूने एकत्रित किए। उपकृषि निदेशक अशोक उपाध्याय ने चुनार तहसील क्षेत्र में 10 स्थानों पर छापामारा। अभियान की भनक लगते ही कई दुकानदार शटर बंदकर भाग गए। उपकृषि निदेशक ने पांच दुकानों से नमूने लिए और एक को चेतावनी दी। इसी तरह भूमि संरक्षण अधिकारी जीतलाल गुप्ता ने लालगंज में अभियान चलाया उन्होंने छह दुकानों में चार दुकानों से नमूने एकत्रित करते हुए एक दुकानदार को चेतावनी दी। कृषि रक्षा अधिकारी ने मडि़हान में आठ उर्वरक दुकानों पर छापा मारा। एक दुकानदार को चेतावनी देकर छोड़ दिया।