मिर्जापुर। नगर में जल निगम नगरीय का काम पूरा होते नहीं दिख रहा। यहां भी खुदा है, वहां भी खुदा है जहां न खुदा हो वहां भी खोद लो। कुछ इसी तरह का नजारा नगर में देखने को मिल रहा है। 10 से 12 स्थान पर सड़कों पर गहरी खुदाई कर उसे घेर कर छोड़ दिया गया है। सड़को पर से मलबा तक ठीक से नहीं हटाया जा रहा है। एक जगह का काम पूरा नहीं हो रहा है तब तक दूसरे जगह की खुदाई शुरू कर दी जा रही है।
बिना सूचना के कभी इस मुहल्ले तो कभी उस मुहल्ले में खुदाई कर दी जा रही है। स्थिति यह हो रही है कि सुबह मुहल्लों से नागरिकों का निकलना तक मुश्किल हो जा रहा है। चार पहिया वाहन चालक शहर में प्रवेश करने से भी डर रहे हैं। इमामबाड़ा, लालडिग्गी, पैरियाटोला, तेलियागंज, गुड़हट्टी, दक्षिण फाटक सहित अन्य क्षेत्रों में हुई खुदाई से स्थानीय नागरिकों के अलावा राहगीरों को जगह-जगह जाम के झाम से जुझना पड़ रहा है। जाम के चलते इमामबाड़ा, तेलियागंज सहित अन्य व्यस्तम इलाकों का कभी हाल कुछ इस तरह हो जाता है कि गलियों के रास्ते भी निकलना मुश्किल हो जाता है। गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के परियोजना प्रबंधक संजय कुमार का कहना है कि मई तक नगर में कार्य किए जाएंगे। परियोजना प्रबंधक ने कहा जहां सीवर और पाइप लाइन बिछाने का कार्य हो जा रहा है वहां की सड़कें तैयार कर दी जा रही हैं।