पटेहरा खास में जमीन पर बैठकर महिलाओं से बातचीत करती पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल।-सोशल मीडिया।
पटेहरा। सप्ताह में महज एक दिन पानी आता है। उसका भी कोई तय समय नहीं है। शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं होती। हर घर नल योजना की हकीकत से परेशान महिलाओं ने मंगलवार को दिव्या मित्तल के सामने अपनी समस्या रखी। बताया कि कई बार अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया, लेकिन समस्या जस की तस है। जननीति भारत पार्टी की दिव्या मित्तल पटेहरा खास में महिलाओं के बीच पहुंचीं। जमीन पर बैठीं और समस्याएं सुनीं। कहा कि उनकी पार्टी आम जनता की जरूरतों पर काम करेगी। जमीनी समस्याओं का स्थायी समाधान प्राथमिकता होगी। उन्होंने पारंपरिक राजनीति की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। जनसंपर्क अभियान पटेहरा कला, ककरद, दीपनगर, घोरी और पियूरी गांवों में चला। इससे पहले दिव्या मित्तल ने रामपुर स्थित प्राचीन गणेश मंदिर में दर्शन-पूजन किया। पटेहरा तिराहे पर ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। अभियान में महिलाएं, ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।