प्रदेशीय फुटबॉल में सहारनपुर को हराकर क्वाटर फाइनल में पहुंची मिर्जापुर की टीम।-सोशल मीडिया।
सहारनपुर को 4-0 से हराया, पिछले दो मुकाबले भी जीत चुकी है विंध्याचल मंडल की टीम
अदलहाट। नाइंसी प्रजापति के शानदार प्रदर्शन से विंध्याचल मंडल की टीम ने राज्य स्तरीय सब-जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। मंगलवार को अंतिम लीग मैच में मिर्जापुर ने सहारनपुर मंडल को 4-0 से शिकस्त दी। टीम के चारों गोल राइट स्टैकर नाइंसी प्रजापति ने दागे।
जौनपुर के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिद्दीकपुर में 24 से 31 अक्तूबर तक होने वाली प्रतियोगिता में मिर्जापुर की टीम ने शुरू से ही दबदबा बनाए रखा। कप्तान सुहानी साहू के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने एकजुट होकर खेला। सहारनपुर की टीम को वापसी का मौका नहीं दिया। चुनार के मेडिया स्टेडियम में अभ्यास करने वाली नाइंसी पिछले वर्ष राष्ट्रीय सब-जूनियर प्रतियोगिता में भी हिस्सा ले चुकी हैं। मिर्जापुर ने इससे पहले देवीपाटन मंडल को 8-0 और बस्ती मंडल को 2-0 से हराया था। टीम की सफलता में कोच अख्तर अली का योगदान सराहनीय रहा। टीम में श्रद्धा, खुशबू, रंजना, गौतमी, मौशमी और संजना सहित अन्य खिलाड़ियों ने भी बेहतर प्रदर्शन किया।