मिर्जापुर। करवा चौथ को लेकर मंगलवार से तैयारियां तेज हो गयी है। खरीदारी के लिए आभूषण, श्रृंगार व कपड़ो की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ उमड़ने से दुकानदारों के चेहरे खुशी से खिले नजर आ रहे हैं। नगर के घंटाघर, वासलीगंज, बसनई बाजार, त्रिमोहानी, मुकेरी बाजार व अन्य बाजारों में सड़को पर भीड़ उमड़ने से कहीं-कहीं लोगों को जाम के झाम से जूझना पड़ रहा था। पर्व को देखते हुए सराफा बाजार भी तेज हो गए हैं। महिलाए मनपंसद आर्डर बुक करा रहीं हैं। कपड़े, चूड़ी व श्रृंगार की दुकानों पर फैशन के मुताबिक शो रुम सजे हुए हैं जो महिला ग्राहकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। नगर के त्रिमोहानी स्थित पक्काघाट पर स्थित कास्टमेटिक की दुकानों पर सुबह से लेकर शाम तक चहल-पहल बनी हुई है। महिलाएं खरीदारी में जुटी हुई हैं। करवा चौथ को लेकर लोटा और छन्नी की बिक्री तेज हो गयी है। पिछले वर्ष कोरोना महामारी के चलते मार खाए दुकानदारों में इस वर्ष दुकानदारी की उम्मीदें बढ़ी हुई हैं।