मिर्जापुर/हलिया/ड्रमंडगंज/। अपना दल (एस) के राबर्ट्सगंज से सांसद पकौड़ी लाल कोल द्वारा अपशब्द कहे जाने का वीडियो वायरल होने के बाद सवर्णों में जबरदस्त नाराजगी दिखी। सांसद के खिलाफ जगह-जगह प्रदर्शन हुआ और प्रतीकात्मक पुतला फूंका गया। इतना ही नहीं थानों में तहरीर देकर सांसद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की गई। हलिया में लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों ने कचहरी पररिसर में आकाश प्रताप सिंह के चैंबर में बैठक कर अद एस के सांसद पकौड़ी कोल के बयान पर रोष जताया। कहा कि सांसद का बयान संसदीय गरिमा के विपरीत है और क्षत्रियों की गौरवशाली परंपरा को ठेस पहुंचाने वाला है। आगे कहा कि सांसद के महज माफी मांगने से काम नहीं चलेगा। सांसद पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की। महासभा ने कहा कि अगर मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। बुधवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने की रणनीति बनी। बैठक में जिलाध्यक्ष विनय कुमार सिंह, श्याम सिंह, राजीव कुमार सिंह, संतोष सिंह, आयुष सिंह, दीपक सिंह, कविता सिंह, रोशन सिंह, त्रिभुवन सिंह आदि मौजूद रहे। इसी क्रम में सांसद पकौड़ी कोल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने व राष्ट्रदोह के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने देहात कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर देने वालों में देवेंद्र तिवारी, विजेंद्र कुमार दूबे, दीपक कुमार दूबे, आनंद कुमार मिश्रा, अमिताभ केसरवानी, जयदीप त्रिवेदी, संदीप शुक्ला पंकज पांडेय शामिल रहे। सांसद पकौड़ी लाल कोल के वायरल वीडियो से आक्रोशित आक्रोशित सवर्ण समाज के लोगों ने मंगलवार को हलिया के जीप स्टैंड के पास सांसद व उनके विधायक पुत्र राहुल प्रकाश कोल के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान सांसद व विधायक के मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। सांसद राबर्ट्सगंज पकौड़ी लाल कोल का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर राष्ट्रीय राजमार्ग 135 सी पर धरने पर बैठ गए। धरना की वजह से सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।प्रदर्शन कर रहे लोग सांसद पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। क्षेत्र में लगाए गए विधायक के बैनर को सवर्ण समाज के लोगो ने उखाड़ कर फेंक दिया। हलिया थाने में सांसद के खिलाफ तहरीर दी गई। हलिया पुलिस के सांसद के विरुद्ध मुकदमा लिखने के आश्वासन पर एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। सवर्ण समाज के लोगों में अवधेश सिंह, अमन सिंह, शिवेंद्र सिंह,विवेक, रिंकू, उमंग सिंह,लवकुश सिंह,हर्ष सिंह,रत्नाकर सिंह,मृगेंद्र सिंह, पवन दूबे,रणधीर सिंह, धर्मेंद्र दूबे,अनिल सिंह,ग्राम प्रधान बरी जीत बहादुर सिंह उपस्थित रहे। ड्रमंडगंज : अपना दल एस के सांसद पकौड़ी लाल कोल द्वारा सवर्ण समाज के लोगों के लिए अपशब्द का प्रयोग करने संबंधी वायरल वीडियो को लेकर आक्रोशित लोगों ने मंगलवार को रतेह चौराहा पर पुतला जलाया । इस दौरान आक्रोशित लोगों ने सांसद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके विरुद्ध वैधानिक कारवाई की मांग को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित पत्रक एसडीएम लालगंज को सौंपा। आक्रोशित लोगों का आरोप है कि वायरल वीडियो में सांसद का भाषण अत्यंत निंदनीय है। उधर जानकारी मिलने के बाद चौकी प्रभारी भरत लाल पांडेय ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित लोगों ने नारेबाजी करते हुए सांसद का प्रतीकात्मक पुतला जलाकर अपने गुस्से का इजहार किया। उसके बाद आक्रोशित लोग सांसद को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे । सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह के समझाने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। तबतक विरोध प्रदर्शन की जानकारी पाकर एसडीएम अमित कुमार शुक्ल व सीओ उमाशंकर सिंह भी मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। विरोध प्रदर्शन में डिंपू सिंह, उमंग सिंह, आशीष मिश्र, प्रदीप दूबे, भानू तिवारी, लवकुश सिंह, अर्पित सिंह, विनीत दूबे सहित सवर्ण समाज के कई लोग शामिल रहे । लालगंज : स्थानीय लहंगपुर बाजार में सांसद पकौड़ी कोल के वायरल वीडियो के विरोध में लहंगपुर बाजार में पुतला दहन किया गया। नाराज लोगों ने कहा कि सांसद के बोल संवैधानिक नहीं है। वायरल वीडियो से नाराज होकर राम सेना के जिला अध्यक्ष राहुल पांडेय के नेतृत्व में सांसद का विरोध किया गया। आरोप लगाया कि यह लोकतांत्रिक संवैधानिक व्यवस्था के विरुद्ध है ।इस तरह की भाषा अराजकता को बढ़ावा देने वाली है। विरोध करने वालों ने ज्ञानेंद्र दुबे ,मनीष तिवारी, आदर्श सिंह सत्यम सिंह, विवेक दुबे, आशु, विकास दुबे, सौरभ दुबे, गौरव दुबे, हिमांशु शर्मा, सीताराम आदि शामिल रहे।