सीखड़। चुनार कोतवाली क्षेत्र कछवां-चुनार घाट वाराणसी राज्यमार्ग-74 पर खानपुर गांव के पास सोमवार को सुबह बबूल के पेड़ की डाल पर लगे फंदे से एक 25 वर्षीय अज्ञात महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटकते मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फंदे से शव को उतरवाकर छानबीन की। पुलिस महिला की शिनाख्त कराने की कोशिश कर रही है। जिस तरह से महिला का शव जमीन से लगा था, उससे यही लग रहा था कि उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया है।
सोमवार को सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने खानपुर गांव के पास बबूल के पेड़ की डाल में लगे फंदे से एक 25 वर्षीय अज्ञात महिला का शव लटकता देख पुलिस को सूचना दी। अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। महिला के शरीर पर लाल फूल छापे वाली काले रंग की साड़ी, गले में रुद्राक्ष की माला, सफेद धातु का मंगल सूत्र, पैर में पायल, हाथ में लाल रंग का प्लास्टिक का कंगन है। सूचना पर क्षेत्राधिकारी उमाशंकर सिंह, चुनार कोतवाल नरेंद्र कुमार सिंह, उप निरीक्षक शिवजी यादव मौके पर पहुंचे। साड़ी के फंदे को काटकर महिला के शव को नीचे उतारकर जांच पड़ताल की। फोरेंसिक टीम के प्रभारी शिवसागर ने घटना स्थल पर पहुंच कर छानबीन की। जिस तरह से महिला का शव पेड़ से लटका था, उसे देखकर लग रहा था कि किसी ने उसकी हत्या कर शव पेड़ से लटका दिया है। थानाध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने बताया कि फंदे से लटका अज्ञात महिला का शव मिला है। जांच की जा रही है। तीन दिन में पहचान नहीं होने पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।