राजगढ़। उप जिलाधिकारी मड़िहान के आदेश पर राजगढ़ थाना क्षेत्र के नदिहार गांव में सोमवार को सीमांकन की गई जमीन का सत्यापन करने के लिए पहुंची पुलिस और राजस्व टीम के समक्ष जेसीबी पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। जेसीबी मौके पर खोदाई करने के लिए भेजी गई थी। हरिशंकर सिंह ने पथराव करने वालों के खिलाफ राजगढ़ थाना में नामजद तहरीर दी है। उधर, मौके पर पहुंचे सीओ ऑपरेशन ने राजगढ़ थाने के निरीक्षक को पथराव करने वालों पर कार्रवाई का निर्देश दिया।
नदिहार गांव निवासी हरिशंकर सिंह ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि कुछ जमीन किराए पर दिए थे। आरोप लगाया कि किराएदार ने उस जमीन पर कब्जा कर लिया है। जमीन के संबंध में न्यायालय में वाद लंबित है। उप जिलाधिकारी न्यायालय मड़िहान के आदेश पर राजस्व विभाग की टीम ने विवादित जमीन का सीमांकन किया है। उप जिलाधिकारी के निर्देश पर सोमवार को हरिशंकर सिंह, राजस्व विभाग मड़िहान की टीम व सीओ अनिल कुमार पांडेय पुलिस फोर्स के साथ सीमांकन का सत्यापन करने गए। टीम विवादित जमीन का सत्यापन करने के लिए पहुंची थी कि उसी दौरान कुछ लोग जमीन की खोदाई में लगी जेसीबी मशीन पर पथराव करने लगे। इससे जेसीबी क्षतिग्रस्त हो गई। पथराव के कारण राजस्व विभाग टीम मौके से हट गई। हरिशंकर ने राजगढ़ थाने में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सीओ ऑपरेशन अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि जमीन संबंधी विवाद में पथराव करने वाले पांच लोगों के खिलाफ राजगढ़ निरीक्षक को कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।