विंध्याचल। थाना क्षेत्र के बंगाली चौराहे के पास रहने वाली एक महिला शनिवार की रात अपने कमरे में पंखे के हुक में साड़ी के फंदे से लटक कर जान दे दी। रविवार को सुबह जानकारी होने पर पुलिस ने जांच पड़ताल की। मायका वालों ने प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
थाना क्षेत्र के बंगाली चौराहे निवासी नीतू शुक्ला (34) पत्नी जय कुमार शुक्ला शनिवार की रात अपने कमरे में पंखे के हुक से साड़ी के फंदे से लटक कर जान दे दी। रविवार को सुबह नीतू के देवर पीके शुक्ला मकान के नीचे दुकान खोलकर साफ-सफाई करने के बाद भाभी के कमरे की ओर गए तो दरवाजा बंद था। दरवाजा खुला नहीं दिखने पर उन्होंने खटखटाया, लेकिन अंदर से आवाज नहीं आई। खिड़की से झांक कर देखा तो नीतू फंदे से लटकी हुई थी। देवर ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे थाना प्रभारी दयाशंकर ओझा ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नीतू के पति जय कुमार शुक्ला की कोराेना संक्रमण के दौरान मौत हो गई थी। नीतू की शादी वाराणसी निवासी जय कुमार के साथ 2010 में हुई थी। नीतू से 13 वर्षीय पुत्र विराज शुक्ला है। माता-पिता की मौत के बाद लालन-पालन की जिम्मेदारी दादी निर्मला शुक्ला व चाचा पीके शुक्ला के ऊपर आ गई है। उधर, नीतू के मायके वालों ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा ने बताया कि कस्बे में एक महिला ने फंदे पर लटक कर जान दे दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।