जमालपुर। चकिया-मुगलसराय मार्ग पर डवक गांव के लाल चौक स्थित धर्मकांटा के पास बृहस्पतिवार की सुबह 11 बजे बाइक की टक्कर से चंदौली जिले के मुस्तफापुर गांव निवासी महिला की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी।
चंदौली जिले के मुस्तफापुर गांव निवासी लालमनी (45) विधवा पेंशन लेने के लिए बबुरी स्थित बैंक शाखा पैदल जा रही थीं। लाल चौक धर्मकांटा के पास मुगलसराय की तरफ से आ रहे बाइक सवार ने पीछे से टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर से वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर जुटे लोग उन्हें निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने लालमनी को मृत घोषित कर दिया। लालमनी के दो पुत्र कन्हैया, पुनवासी तथा दो पुत्रियां सुनीता व कुमारी हैं। पुलिस ने बाइक कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष राम नरायन राम ने बताया कि बाइक की टक्कर से महिला की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतका के जेठ लल्लन बियार ने बाइक चालक के खिलाफ तहरीर दी है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।