जमुई। चुनार थाना क्षेत्र के भग्गल के मड़ई के पास बृहस्पतिवार की देर शाम बेटे की शादी का निमंत्रण बांटने जा रही महिला बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से शादी वाले घर में कोहराम मच गया।
पड़री थाना क्षेत्र के सिंधोरा गांव निवासी भरत निषाद ने बताया कि उनके बेटे की शादी 25 नवंबर को तय है। उनकी पत्नी अनीता देवी (51) बृहस्पतिवार की शाम भतीजे राजकुमार के साथ सगे-संबंधियों को निमंत्रण देने जलालपुर माफी गांव जा रही थीं। चुनार थाना क्षेत्र के भग्गल के मड़ई के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक वह बाइक से नीचे गिर गईं। हादसे में गंभीर रूप से घायल अनीता को पहले स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। परिजन शुक्रवार को शव लेकर घर पहुंचे और अंतिम संस्कार कर दिया। महिला की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।