कटरा कोतवाली क्षेत्र के बरौधा पुल के नीचे रेल लाइन पर शनिवार की रात मालगाड़ी की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। रविवार को कुछ लोग शिनाख्त करने आए, परंतु महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी।
शनिवार की रात आठ बजे के करीब बरौधा पुल के नीचे मालगाड़ी की चपेट में आने से एक 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मौत की सूचना पर पहुंची जीआरपी ने रेल लाइन से शव को हटवाया। रविवार की शाम कुछ लोग देहात कोतवाली के सेमरा बैसुखिया गांव से शिनाख्त करने पहुंचे। एक युवक ने बताया कि उसकी मां लापता है। फोटो देखकर शिनाख्त की कोशिश की गई, परंतु शिनाख्त नहीं हो सकी। जीआरपी प्रभारी इनामुल्ला खां ने बताया कि जो लोग शिनाख्त करने आए थे, वे पहचान नहीं कर सके हैं। उनको सोमवार को पोस्टमार्टम हाउस बुलाया गया है। ताकि शव देखकर शिनाख्त कर सकें।