मिर्जापुर जिले में सोमवार की रात सर्पदंश से दो लोगों की मौत हो गई। लालगंज के दांती गांव में सोते समय एक बच्चे को सांप ने डस लिया। परिजन उसे मंडलीय अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। इसी तरह राजगढ़ के ददरा गांव में चारपाई पर सो रही महिला की सर्पदंश से जान चली गई।
गंगहरा कला गांव निवासी विनोद कुमार का बेटा अरविंद (9) अपने ननिहाल दांती गांव आया था। सोमवार की रात करीब डेढ़ बजे वह घर के बच्चों के साथ तख्त पर सोया था। इसी बीच सांप ने उसे डस लिया।
घटना की जानकारी होते ही परिवार के लोग उसे मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान अरविंद की मौत हो गई। मंगलवार को सुबह नाना लल्लन प्रसाद उसका शव लेकर गंगहरा कला गांव पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया।
मां-पिता शव देखकर अचेत हो गए। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार कर दिया। विनोद कुमार ने बताया कि उसके बेटे की ननिहाल में सर्पदंश से मौत हो गई है।
राजगढ़ के ददरा गांव में गणेश की पत्नी सीमा (25) रात में चारपाई पर सो रही थी। इसी दौरान सांप ने उसे डस लिया। सीमा की चीख सुनकर परिवार के लोग जग गए तो तत्काल उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष महेंद्र पटेल ने बताया कि सर्पदंश से महिला की मौत हुई है।